एटा। आम के पेड़ की रखवाली करते समय थाना बागवाला क्षेत्र के गांव पैंदापुर में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से किसान 17 जुलाई को झुलस गया था। शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरी घटना में अलीगंज थाना क्षेत्र में गांव दादूपुर खुर्द निवासी किसान की करंट लगने से मौत हो गई।
गांव पैंदापुर करतला थाना बागवाला निवासी पप्पू ने बताया कि चाचा रामेश्वर (50) 17 जुलाई को गांव के बाहर खेत के पास खड़े थे। ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। वहां खड़े रामेश्वर करंट लगने से बुरी तरह झुलस गए। चीख सुनकर आसपास काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और परिजन को सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन रामेश्वर को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अच्छे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कर दिया गया। 8 दिन चले उपचार के बाद शुक्रवार सुबह रामेश्वर की सांसें थम गईं। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
दूसरी घटना में अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव दादूपुर खुर्द निवासी करन सिंह (50) को घर पर काम करते समय बृहस्पतिवार की देर शाम करंट लग गया। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाए यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।