एटा। शराब के नशे में झूमते युवक को गाली देने से रोकना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने नशे की हालत में महिला के ऊपर फायर किया। मिस होने पर तमंचे की बट से सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी को ग्रामीण रस्सी से बांधकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वह चमका देकर भाग गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव भदों निवासी बिट्टो देवी ने बताया कि पुत्रवधू आरती सोमवार की देर शाम घर के बाहर खड़ी हुई थी। तभी गांव का रविंद्र उर्फ लुक्का वहां आकर शराब के नशे में गालीगलौज करने लगा। पुत्रवधू ने विरोध किया तो उसे पकड़कर खींच लिया और गालियां देते हुए जानलेवा हमला बोल दिया।
शोर सुनकर जब तक परिजन बचाने पहुंचे, आरोपी ने तमंचा निकालकर फायर करने का प्रयास किया। फायर मिस होने पर तमंचे की बट से आरती के सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।
घायल आरती को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर आए, यहां उपचार चल रहा है। कुछ समय बाद घटना की सूचना पुलिस को देते हुए ग्रामीण और महिला के परिजन आरोपी रविंद्र उर्फ लुक्का को रस्सी से बांधकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जब तक पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुचीं, आरोपी लोगों को चकमा देकर भाग गया। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंच गई और घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर उपचार कराया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है, जल्द ही पकड़ा जाएगा।