एटा। गांव जवाहर नगर पुरसारी में शनिवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे नौ वर्षीय बालक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव जवाहर नगर पुरसारी निवासी प्रदीप सिंह ने बताया कि उनका बेटा कृष्णा चौहान (9) रविवार को दोपहर के समय घर के सामने साइकिल लेकर खड़ा था। इसी दौरान करीब ढाई बजे गांव का ही सोनू अपना ट्रैक्टर लेकर आया। इसकी चपेट में आने से बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने परिजन को सूचना दी।
बेटे को उपचार के लिए पटियाली लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि बालक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद