एटा। बुधवार की रात शिकोहाबाद रोड पर सुनहरी नगर के पास सामने से आते ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। जयश्री (35) व उनके पुत्र अभिषेक (5) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयश्री का पति घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया।
थाना सकीट के मोहल्ला कटरा निवासी त्रिलोक वार्ष्णेय बुधवार की सुबह पत्नी जयश्री व बेटे अभिषेक के साथ अपनी व पत्नी की बीमारी के कारण आगरा दवा लेने गए थे। बताते हैं कि शहर के पुरानी बस्ती में ससुराल है, जहां वह बाइक खड़ी करके गए थे। रात लगभग आठ बजे वह आगरा से लौटकर गांव बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह कोतवाली सिटी के शिकोहाबाद रोड पर सुनहरी नगर के पास पहुंचे, तभी सामने से आते ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया। जयश्री व अभिषेक की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। त्रिलोक घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी पर थाना पुलिस पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया।