एटा। नगर पालिका की लाख कोशिशों के बाद भी शहर को उसकी जरूरत के मुताबिक पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है। नगर पालिका के आंकड़े बताते हैं कि शहर में लगभग 6500 किलोलीटर प्रतिदिन के हिसाब से पानी की आवश्यकता है। इसके सापेक्ष नगर पालिका औसतन साढ़े चार हजार किलोलीटर तक ही पानी की सप्लाई कर पा रही है। यह सप्लाई तब होती है जब सप्लाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध रहे। अन्यथा पालिका द्वारा दी जाने वाली सप्लाई और कम हो जाती है। गनीमत यह है कि जितना भी पानी शहर में सप्लाई हो रहा है उसे दूषित होने से बचाने के लिए सीडब्लूआर व नलकूपों पर छह डोजर (क्लोरीन मशीन) लगा दी गई हैं। यह मशीनें नगर पालिका ने जनवरी माह में 95 हजार रुपये खर्च कर लगाई हैं।
नगर पालिका का मानना है कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार शहर में लगभग एक लाख 18 हजार की आबादी है। औसत के अनुसार एक व्यक्ति को एक दिन में 105 लीटर पानी की आवश्यकता होती है। पालिका के अनुसार चूंकि आबादी में बच्चों की संख्या भी बहुतायत में होती है। इस कारण नगर पालिका एक व्यक्ति 50 लीटर पानी का औसत लेकर चलती है। इसके हिसाब से आबादी के अनुसार शहर में 5900 किलोलीटर (59 लाख लीटर) पानी की प्रतिदिन आवश्यकता रहती है। यदि शहर में बाहर से प्रतिदिन यहां आने वाले व्यक्तियों को भी इसमें जोड़ा जाए तो 6500 किलोलीटर (65 लाख लीटर) पानी की आवश्यकता पड़ती है। इसके सापेक्ष पालिका के पास सिर्फ 4700 किलोलीटर पानी की सप्लाई के संसाधन हैं।
---
डोजर से शुद्ध हो रहा पानी
एटा। शहर में सप्लाई हो रहे पानी की शुद्धता के लिए सीडब्लूआर व नलकूपों पर छह डोजर (क्लोरीन मशीन) लगाई गई हैं। यह मशीनें पालिका प्रशासन ने जनवरी माह में 95 हजार रुपये खर्च कर लगाई हैं। जलकल प्रभारी ने बताया कि अलीगंज रोड, नन्नूमल चौराहा, पटियाली गेट शीतलपुर नलकूप का पानी मेहता पार्क स्थित सीडब्लूआर में इकट्ठा होता है। यहां पानी को शुद्ध करने के लिए दो डोजर लगाए गए हैं। वहीं विक्टोरिया पार्क स्थित सीडब्लूआर में भी डोजर लगाया गया है।
---
पानी सप्लाई की स्थिति
ओवरहेड टैंक सप्लाई की क्षमता (किलोलीटर में)
मेहता पार्क 1000
जलकल कंपाउंड 500
मेहता पार्क द्वितीय 300
शहीद पार्क 1300
शहीद पार्क द्वितीय 300
सुनहरी पार्क 1300
---
इंटरकनेक्ट पूरा होते ही मिलेगी सप्लाई
एटा। जलकल प्रभारी ने बताया कि इंटर कनेक्ट काम पूरा होते ही कचहरी रोड स्थित, उद्यान विभाग, जिला पंचायत, शिवसिंहपुर व वनगांव स्थित ओवरहेड टैंक से सप्लाई मिलने लगेगी। इससे शहर में जरूरत के हिसाब से पानी की सप्लाई नगर पालिका करने लगेगी। इन सभी ओवरहेड टैंकों को पालिका द्वारा चेक कर लिया गया है। ये सभी टैंक चालू हालत में हैं।
---
शहर में जरूरत के हिसाब से पानी की सप्लाई हो, इसके लिए पालिका पूरी तरह प्रयासरत है। इसके लिए पालिका शहर में बिछी पाइप लाइन में अधूरे पड़े इंटरकनेक्ट के काम को पूरा कर रही है।
- सोबरन सिंह, जलकल प्रभारी, नगर पालिका