मिरहची। ग्राहकों से मिठाई के पैसे मांगना दुकानदार को भारी पड़ गया। उन लोगों ने पैसे देना तो दूर दुकानदार को पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं, उसके गल्ले से हजारों रुपये का कैश भी लूट ले गए। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराने के बाद मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना कसबा के मेन चौराहे की है। सोमवार शाम लगभग साढ़े सात बजे मिष्ठान विक्रेता दिवारीलाल के पास पड़ोसी गांव नगला टटी के निवासी श्रीनिवास, अडंगा एवं नरेश आए। उन्होंने साठ रुपये की मिठाई खरीदी। जब दुकानदार ने रुपये मांगे तो तीनों गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर उन लोगों ने दुकानदार की बुरी तरह पिटाई कर दी। वह लहूलुहान हो गया। वह लोग उसकी दुकान से हजारों रुपये भी लूट ले गए। जब पीड़ित ने चौराहे पर तैनात दरोगा से शिकायत की तो उन्होंने भी नहीं सुनी। इसकी शिकायत पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी सदर ओंकार सिंह से फोन पर की। सीओ ने थाना पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने के आदेश दिए। तब जाकर पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मारपीट की एनसीआर दर्ज की। लूट की घटना को मारपीट में दर्ज करने से दुकानदारों व आम लोगों में रोष है।