एटा। महिला थाना में आयोजित महिला हेल्प लाइन में समिति के लोगाें ने दो दंपति में सुलहनामा कराया। सुनवाई को निर्धारित हुए 32 मामलाें में से कुछ ही मामलों में दोनों पक्ष से लोग उपस्थित हुए थे। इसी मौके पर दो फाइलें बंद भी की गईं।
रविवार को महिला थाना में महिला हेल्पलाइन का आयोजन महिला थानाध्यक्ष सरोजनी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान मौजूद सदस्यों ने दो दंपति में समझौता कराने के साथ ही दो फाइलों को बंद भी किया। मंगल कश्यप निवासी असरौली थाना कोतवाली देहात ने महिला हेल्पलाइन में प्रार्थना पत्र देते हुए समिति को बताया कि उसकी शादी जनपद कासगंज के रसूलपुर अरौरा सिकंदरपुर वैश्य निवासी लालतादेवी के साथ आठ वर्ष पूर्व हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। आठ माह पहले वह अपने मायके चली गई। जहां से उसके घरवाले ससुराल नहीं आने दे रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सतेंद्र निवासी फफोतू रिजोर ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने अपनी बहन प्रीती की शादी बिजेंद्र निवासी मुगलगढ़ी थाना सिकंदराराऊ हाथरस के साथ की थी। इससे बाद ससुरालियों ने दहेज की मांग करते हुए उसकी बहन को घर से निकाल दिया। वहीं, दोनों प्रार्थना पत्राें पर गंभीर हुए समिति के लोगाें ने दोनों पक्षों को हेल्पलाइन में बुलाया जहां दोनों में सुलहनामा कराया। इस मौके पर समिति के अनिल कुलश्रेष्ठ अधिवक्ता, डा. श्यामलता वेद, रोजएंड्रो, राजबाला राठौर थे।