ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत नई ग्राम पंचायतों को शासन ने मंजूरी दे दी है। 67 नई ग्राम पंचायतें जिले में बनाई गई हैं। अब ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 576 हो गई है। पंचायत चुनाव के दौरान इन सभी पंचायतों पर चुनाव होगा। दूसरी ओर, जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़ने से मतदान केंद्रों व बूथों की संख्या भी बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का पंचायत के मतदाताओं से मिलान किया जा रहा है। आयोग के अनुसार, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत के वार्डों के परसीमन की स्थिति साफ हो जाने के बाद ही मतदान केंद्र व बूथ संख्या संबंधित कार्य शुरू किया जाएगा।
शासन के निर्देशों पर वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर एक हजार की आबादी वाले राजस्व गांवों को नई ग्राम पंचायत बनाया गया है। पंचायती राज विभाग ने 67 नई ग्राम पंचायतों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। इसे शासन ने स्वीकृति कर विभाग को अपना गजट भेज दिया है।
बता दें कि पहले जनपद में 509 ग्राम पंचायतें थीं। 67 नई ग्राम पंचायतों के बढ़ जाने से अब इनकी संख्या 576 हो गई है। विकास खंड सकीट की चिलासी व डाडा दो ग्राम पंचायतों को मिलाकर एक कर दिया गया है। इसी विकास खंड में ग्राम पंचायत गुलरिया कोंची को कोंची से हटाकर गढ़िया कोंची में शामिल किया गया है।
ये बनीं नई ग्राम पंचायतें
- विकास खंड शीतलपुर में जलालपुर पलरा, बाबरपुर, लोया बादशाहपुर पीतम सिंह, कोयना, जवाहरपुर अरथरा, कसैती, विरामपुर, भागपुर, अचलपुर, भोगपुर व सैंथरी। विकास खंड सकीट में बीगौर, मन्सुखपुर, अबंरपुर रिजौर, हरिश्चंद्रपुर कलां, घुटलई, सबलपुर, चांदपुर लोकसपुर, दतौली, करमचंद्रपुर, जीसखपुर, नगला हरि किशनपुर, टीकमपुर, फतेहपुरा, कमलामई, चिलमापुर। निधौली कलां में गोकलपुर, कुंवरपुर चंद्रभानपुर, भदुआ, पचपेड़ा, नोजरपुर, भूपालपुर, मुखरना, बथुआ, हिम्मपुर ,मुमिया खेड़ा। मारहरा में सराय बूलेखां, बुढ़र्रा, समसपुर, सुपेती,धरामई पांच विस्बा। जलेसर में पायदापुर, करहैला कासिमपुर, बहादुरपुर कासिमपुर, मई, बुधैरा, सिरगवां, खानपुर व खेड़ा ग्वारऊ। अवागढ़ में मुढसमा, खेड़िया ताज, मीसा खुर्द, सिलामई। अलीगंज में लाड़मपुर कटारा, पहाड़पुर, लड़सिया उर्फ लुतुफुल्लापुर, जहाननगर, जानीपुर, दादूपुर खुर्द, पहरैया, नगरिया उर्फ सिकंदरपुर डोगा। जैथरा में भमौरा, जिरौलिया, गांगूपुरा, खवा, ततरई, नखतपुरा, जमलापुर शामिल हैं।
नई ग्राम पंचायतों के गठन के संबंध में शासन का गजट प्राप्त हो चुका है। अब विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-- सुनील कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी, एटा।