एटा। विद्युत निगम की ओर से बिजली उपभोक्ताओं पर बकाया अदा करने में सरचार्ज पर छूट देने के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू कर दी गई है। 15 दिसंबर से 31 जनवरी तक तीन चरणों में लागू होने वाली योजना के लिए जिले में 66868 उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है।
एकमुश्त समाधान योजना तीन चरणों में रहेगी। 15 दिसंबर से 31 जनवरी तक योजना लागू रहेगी। पहला चरण 15 दिसंबर से 31 दिसंबर 16 दिन, दूसरा चरण 1 जनवरी से 15 जनवरी तक 15 दिन, तीसरा चरण 16 जनवरी से 31 जनवरी 16 दिन रहेगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को 30 सितंबर तक के बकाया बिजली बिलों के सरचार्ज में छूट दी जाएगी। एकमुश्त भुगतान के साथ किस्तों में भी भुगतान का विकल्प मिलेगा। पहले चरण में उपभोक्ताओं को अधिक छूट प्राप्त होगी। एक किलोवाट भार तक के घरेलू उपभोक्ताओं को पहले चरण में बकाए के एकमुश्त भुगतान पर बिलों के सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट मिलेगी।
पहले चरण में 100 प्रतिशत छूट, द्वितीय चरण में 80 प्रतिशत और तृतीय चरण में 70 प्रतिशत छूट दी जाएगी। किश्तों में भुगतान पर प्रथम चरण में 75 प्रतिशत, दूसरे चरण में 65 प्रतिशत और तीसरे चरण में 55 प्रतिशत छूट होगी। अधिशाषी अभियंता ग्रामीण वैभव आनंद ने बताया योजना में घरेलू, वाणिज्यिक, निजी संस्थान, औद्योगिक को शामिल किया गया है। गांव- गांव शिविर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। संवाद