एटा। लोकसभा चुनाव का दौर चल रहा है। पुलिस विभिन्न प्रकार के अपराधियों पर नजर गड़ाए हुए है। पुलिस ने चुनाव पूर्व फरवरी से अप्रैल तक 6 अवैध शस्त्र बनाने वाली फैक्टरियों काे पकड़ा है। इसमें 88 मामले दर्ज कर 103 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 184 अवैध शस्त्र और 228 कारतूस भी बरामद किए।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस आम चुनाव में शस्त्रों को खपाने के लिए कई स्थानों पर अवैध शस्त्र फैक्टरियों का संचालन किया जा रहा था। यहां भारी मात्रा में तमंचे व कारतूस बनाए जा रहे थे।
इनको बनाने वाले अपराधी ग्रामीण इलाकों से पुराने और खराब तमंचे खरीदकर उनको दोबारा से बनाकर लोगों को बेचते थे। कई स्थानों पर तो पुलिस ने खुद ही ग्राहक बनकर क्षेत्र में संचालित फैक्टरियों का पर्दाफाश किया। इस दौरान स्थानीय थाने की पुलिस, इंटेलीजेंस विंग व सर्विलांस टीम के सहयोग से कार्रवाई हुईं।