सदर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में 52 शिकायतों में से सिर्फ तीन का निस्तारण किया गया। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीएम अजय यादव ने मातहतों को लताड़ लगाई।
डीएम अजय यादव एवं एसएसपी एएस राय ने लंबित प्रार्थनापत्रों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी। डीएम अजय यादव ने कहा कि अधिकारियाें द्वारा प्रार्थनापत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया जा रहा है। प्रार्थनापत्रों के चढ़ाने की प्रगति इस बार भी धीमी पाये जाने पर तहसीलदार को कड़ी हिदायत दी कि कर्मचारियों की ड्यूटी लगायें, प्रार्थनापत्र हर हाल में समय से चढ़ने चाहिए। इस मौके पर कालीचरन निवासी मझराऊ द्वारा दिये गये पेंशन के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन दिलाने के निर्देश दिए। नगला परसी के ग्रामीणों द्वारा की गई राशन वितरण की शिकायत पर डीएम ने डीएसओ को निर्देश दिये कि नगला परसी में जाकर स्वयं चैक करें, राशन वितरण क्यों नहीं हो रहा है। सकीट ब्लाक के ग्राम सौंहार में मनरेगा श्रमिकों को जॉबकार्ड होने के बावजूद भी कार्य क्यों नहीं दिया जा रहा है, बीडीओ को जांच के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसडीएम संजीव कुमार, एएसडीएम मुहम्मद आवेश, डीडीओ राधेश्याम, बीएसए एसएस यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद शंकर तिवारी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, जलेसर तहसील में एडीएम महेश चंद्र शर्मा, एसडीएम रामदास की मौजूदगी में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 42 प्रार्थनापत्रों में से चार प्रार्थनापत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील अलीगंज में एडीएम सतीश पाल, तहसीलदार आनंद सिंह की मौजूदगी में आए 44 प्रार्थनापत्रों में से चार प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया जा सका।