एटा। पुलिस द्वारा पकड़ा गया शराब तस्करी का आरोपी, वाहन और शराब बरामद।
- फोटो : ETAH
एटा। धान की भूसी में छिपाकर तस्करी के लिए बिहार ले जाई जा रही 50 लाख रुपये की गैर प्रांतीय शराब के साथ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शराब को पंजाब से ट्रक में लादा गया था।
थाना मलावन प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार सिंह को सूचना मिली कि हरियाणा नंबर के एक ट्रक में पंजाब के अंबाला से शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सादा वर्दी में डेरा जमा दिया। ट्रक को आता देखकर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने ट्रक की गति और बढ़ा दी। पीछा कर पुलिस ने ट्रक को रुकवाया और चालक अमरीक सिंह पुत्र जनरैल सिंह निवासी निसिंग जिला करनाल हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी राकेश कुमार निवासी करनाल भाग खड़ा हुआ। तलाशी में ट्रक में धान की भूसी की बोरियों के नीचे 1000 गैर प्रांतीय शराब की पेटियां बरामद की गईं। बरामद शराब की कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है।