मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बच्ची को गोद में लिए खड़ी उसकी मां। संवाद
एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बृहस्पतिवार को 3 साल की बच्ची को उपचार के लिए लाया गया जो रेबीज से पीड़ित थी। चिकित्सकों ने केस गंभीर देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में दोपहर करीब 1 बजे आंकाक्षा (3) निवासी नगला गुलाबी थाना जैथरा को लाया गया। बच्ची के नाना मोहरपाल ने बताया कि तीन माह पहले इसे किसी कुत्ते ने काट लिया। इसकी जानकारी परिजन को नहीं हो पाई। इसके बाद बच्ची अजीब तरह की गतिविधियां करने लगी। पानी पिलाने पर वह भयभीत हो जाती है। अपनी मां पर कुत्ते की तरह हावी होकर नोचने जैसे हरकतें करती रहती है।
बृहस्पतिवार को इसे इमरजेंसी में लेकर आए। यहां पर भी बच्ची अजीब हरकतें करती रही। मुंह से झाग के साथ खून की उल्टी कर रही थी। ये सारी हरकतें देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। वहीं बच्ची अजीब हरकतें करने के साथ रो रही थी।
इसके साथ ही अन्य परिजन भी इसको लेकर चिंतित हो रहे थे। यहां पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। चिकित्सक का कहना था कि बच्ची के शरीर के अंदर रेबीज पूरी तरह से फैल चुका है।