एटा। खाद-बीज की दुकानों पर शुक्रवार को कृषि विभाग की टीमों ने छापामारी की। टीम को देख 3 दुकानदार भाग गए। इन्हें नोटिस जारी किए हैं। जबकि 12 दुकानों से खाद-बीज के 21 नमूने लिए गए।
एक टीम में जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह, बीज सहायक जितेंद्र सिंह और उर्वरक सहायक अमित कुमार बाल्यान शामिल थे। इन्होंने पिलुआ, मारहरा, मिरहची क्षेत्र में स्थित दुकानों पर छापेमारी की। मारहरा स्थित प्रवीन किसान सेवा केंद्र, ओम कृषि सेवा केंद्र और देव कृषि प्रगति सेवा केंद्र के दुकानदार टीम को देख दुकानें बंद कर भाग गए। इन तीनों को टीम ने नोटिस जारी किए। वरिगवां स्थित आकाश खाद भंडार और साधन सहकारी समिति कपरेटा पर अभिलेख पूरे नहीं मिले। दोनों को नोटिस दिए। टीम ने इन क्षेत्रों में 7 दुकानों से बीज और खाद के 6-6 नमूने लिए।
दूसरी टीम वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अमित कुमार चौरसिया, उर्वरक सहायक चंद्रप्रकाश को शामिल कर बनाई गई। इसने जलेसर तहसील क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां स्थित दुकानों से बीज के 9 नमूने लिए। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज की उपलब्धता एवं बिक्री में पारदर्शिता के उद्देश्य से डीएम के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। लिए गए नमूनों की जांच में कमी पाई जाती है तो संबंधित व्यवसायियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।