एटा। विकासखंड निधौली कलां में शुक्रवार को दिव्यांग शिविर लगाना प्रस्तावित था। इसके लिए तीन चिकित्सकों को जिम्मेदारी सौंपी गई लेकिन तीनों चिकित्सक में से एक भी नहीं पहुंचा और ये आयोजन नहीं हो पाया। सीएमओ ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य को पत्र लिखकर तीनों पर कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
सीएचसी निधौली कलां समेत चार ब्लॉक पर दिव्यांग शिविर लगाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई है। जिसके तहत शुक्रवार को निधौली कलां सीएचसी पर दिव्यांग शिविर लगाकर उनके प्रमाणपत्र बनाने का कार्य करना था।
इसमें मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग से डॉ. आर्शी गुप्ता, अस्थि रोग विभाग से डॉ. ईशान अहमद, ईएनटी से डॉ. दीपक शर्मा की ड्यूटी लगाई गई लेकिन इनमें से एक भी चिकित्सक दिव्यांग शिविर में नहीं पहुंचा। वहां पर कई दिव्यांग सुबह से शाम तक चिकित्सकों के आने का इंतजार करते रहे। शाम होने के बाद मायूस होकर घर लौट गए।
इस लापरवाही पर सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने तीनों चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य रजनी पटेल को पत्र लिखा है। सीएमओ ने बताया कि 2 जून को सीएचसी मिरहची, 4 जून को सीएचसी जैथरा और 6 जून को सीएचसी अलीगंज पर दिव्यांग शिविर लगाया जाना है। जहां दिव्यांगों का परीक्षण कर प्रमाणपत्र बनाने का कार्य किया जाएगा। अब चिकित्सक लापरवाही बरतते हैं और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।