एटा। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत जिले को 1200 का लक्ष्य दिया गया है। अब तक 2745 लोग आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 742 का पहला और 685 आवेदकों का दूसरा स्थलीय सत्यापन कर लिया गया है।
मंगलवार को राजकीय आईटीआई सभागार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की ओर से कार्यक्रम का आयोजन कर जानकारी दी गई। एमएसएमई आगरा की संयोजक व वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी सतविंदर कौर ने ग्राम प्रधानों, जन सुविधा केंद्र संचालकों आदि को जानकारी दी। उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा भारत सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना है। जिसके तहत जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 ट्रेडों का कार्य करने वाले परंपरागत कारीगरों का चयन किया जाएगा।
उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने व उनमें कौशलबुद्धि के लिए 5 दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। जिसके बाद टूलकिट खरीदने के लिए 15 हजार का ई-वाउचर प्रदान किया जाएगा। सीडीओ डाॅ. अवधेश कुमार बाजपेयी, सहायक आयुक्त उद्योग बांकेलाल और अनिल शर्मा, डीपीआरओ केके सिंह चौहान, अपर सांख्यिकी अधिकारी गणेश चंद्र, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, महामंत्री सुशील गुप्ता आदि मौजूद रहे।