जिला पंचायत की बैठक में मौजूद सदस्य ।
- फोटो : ETAH
एटा। जिला पंचायत की बैठक शनिवार को सभागार में कराई गई। इस दौरान 15 मिनट में करीब 26 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। कासगंज रोड पर 3.31 करोड़ रुपये से नाला, जिले में पांच अमृत सरोवरों सहित 12 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय स्थित सभाकक्ष में वित्तीय वर्ष 2022-23 की बैठक आयोजित की गई। इसमें कासगंज रोड पर पीएसी बटालियन तक पानी की निकासी के लिए करीब 750 मीटर लंबे नाले के निर्माण कार्य का प्रस्ताव पास किया गया। यह नाला करीब 3.31 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
वहीं जिले में पांच अमृत सरोवर का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव पास किया गया। इसके साथ ही जिला पंचायत कार्यालय में मुख्य लिपिक सौरभ दुबे को वरिष्ठता के आधार पर प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति करने के लिए सर्वसम्मति दी गई।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त लेबर बजट एवं सेल्स ऑफ प्रोजेक्ट के प्रस्ताव सहित आय-व्यय पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव, डीएसटीओ रमेश चंद्र मेहरा, डीसी मनरेगा प्रतिमा निमेश समेत समस्त जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।