एटा। मौसम से बदलाव से बच्चे बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। बृहस्पतिवार की रात को हाथरस जनपद निवासी 2 वर्षीय बच्चे की मौत बुखार से हो गई। परिजन ने बताया कि 3 दिन से बच्चे को बुखार आ रहा था। उसे गांव में ही चिकित्सक को दिखाया भी था।
गांव सराय जरेला निवासी योगेश बृहस्पतिवार की रात को अपने 2 वर्षीय बेटे कार्तिक को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। बताया कि बेटे को 3 दिन से बुखार आ रहा है। अचानक से इसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सक ने देखने के बाद बच्चे को मृत बता दिया। योगेश ने बताया कि बुखार आने पर गांव के ही चिकित्सक को दिखाकर दवा ली थी। इसके बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। इस पर मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे।
कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनंत व्यास ने बताया मौसम से बदलाव हो रहा है। ऐसे में बच्चों को बचाव करने की बहुत जरूरत होती है। जिन बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। उनको बीमारियां जल्द ही अपनी चपेट में ले लेती हैं। अगर बच्चा बीमार हो गया है तो चिकित्सक को दिखाकर ही उसका उपचार कराएं। ओपीडी में बाल रोग विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि बुखार के प्रतिदिन 30 से 40 बच्चे आ जाते है। शुक्रवार को भी 36 बच्चे बुखार पीड़ित आए।