एटा। दीपोत्सव के त्योहार में चार दिन शेष रह गए हैं। बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। सबसे ज्यादा गहमा-गहमी मिठाई विक्रेताओं के यहां है। उनके यहां दिन-रात मिठाई बनाने का काम चल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जिस तरह बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है, दीपोत्सव पर दो करोड़ रुपये तक का कारोबार पहुंचने की उम्मीद है। पिछले वर्ष मिठाई का कारोबार पांच करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।
शहर से लेकर देहात तक अनुमान के मुताबिक करीब ढाई हजार के आसपास हलवाइयों की दुकानें हैं। इसमें शहर के दो दर्जन बड़े मिठाई विक्रेताओं के गोदाम से लेकर दुकान तक दिन-रात मिठाई बनाने का काम चल रहा है। सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली मिठाइयों में एटा की मशहूर बालूशाही और सोनपपड़ी हैं। वहीं मुठिया और मोतीचूर सहित मैदा और बेसन के लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। यह ऐसी मिठाइयां हैं जो एक सप्ताह तक चल जाती हैं। इसके कारण इनकी डिमांड भी रहती है।
-------------------
पैक होने लगीं मिठाइयां:-व्यापारियों पर कोरोना संक्रमण के चलते हालांकि इस वर्ष आर्डर कम हैं, बावजूद इसके बड़ी फैक्ट्रियां, जिला और गांव पंचायत के चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी सहित अन्य व्यापारिक लोग अपने-अपने मिलने वालों को दीपावली पर मिठाई बांटने के लिए उनकी पैकिंग के आर्डर दे चुके हैं।
-----------------
ड्राईफ्रूट का चलन बढ़ा
हलवाइयों का कहना है कि बाजार में ड्राई फ्रूट का चलन बढ़ा है। बावजूद इसके त्योहार पर मिठाई का अपना अलग महत्व होता है। हालांकि ग्राहकों की पसंद देख उन्होंने भी अपने यहां मेवा मिश्रित मिष्ठान के साथ ड्राई फ्रूट के पैकेट तैयार कराए हैं।
-----------------
त्योहार पर मिष्ठान का अपना अलग महत्व होता है। हर साल करीब तीन क्विंटल बालूशाही तैयार कराते थे। इस बार अभी तक पांच कारीगर काम कर रहे हैं, जरूरत पड़ने पर और कारीगर बढ़ाए जाएंगे। दीपोत्सव का त्योहार अच्छा रहेगा।
-राकेश, हलवाई बाबूगंज
----------------
मिठाई तैयार करा रहे हैं। दीपावली के पांच दिवसीय त्योहार पर जमकर मिठाई बिकेगी। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बाजार में दो करोड़ रुपये तक की मिठाई बिकने की उम्मीद है। पिछले वर्ष यह कारोबार करीब पांच करोड़ रुपये तक पहुंचा था।
-सुभम, आर्या स्वीट्स हाउस
------------------
बालूशाही, सोनपपड़ी और काजू की बर्फी की डिमांड रहती है। देसी घी की इन मिठाइयों को बनाने के लिए दस के करीब कारीगर जुटे हुए हैं। ड्राईफ्रूट के बावजूद मिठाई का अपना अलग स्वाद है। अनुमान है दो करोड़ रुपये तक की मिठाई बिक जाएंगी।
संजीव जैन, सुभाष स्वीट्स
मिष्ठान की दुकान पर तैयार होती मिठाई - फोटो : ETAH
बाबूगंज स्तिथ मिठाई की दुकान- फोटो : ETAH