मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में भर्ती बीमारियों से ग्रसित बच्चे।
- फोटो : मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में भर्ती बीमारियों से ग्रसित बच्चे।
एटा। मौसम इन दिनों उतार-चढ़ाव तापमान वाला हो रहा है। ऐसे में बच्चे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में 18 बच्चे बीमारियों से ग्रसित भर्ती हैं। इनमें से कुछ बच्चे निमोनिया तो कुछ बच्चे दस्त की समस्या से परेशान हैं। शुक्रवार शाम एक निमोनिया से ग्रसित बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया।
दिन में तेज धूप निकल रही है, सुबह-शाम सर्दी हो रही है। सर्दी में बच्चों के प्रति लापरवाही भारी पड़ रही है। बच्चे सर्दी के साथ बुखार, खांसी व जुकाम, दस्त, निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में मरीजों की संख्या काफी पहुंच रही है। यहां प्रतिदिन 100 से 120 बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। सर्दी से ग्रसित बच्चों को भाप देकर घर भेज दिया जाता है। वहीं, एक या दो बच्चों को भर्ती भी किया जा रहा है।
डॉ. एबी सिंह ने अमर उजाला को बताया कि मौसम में सर्दी हो रही है। दिन में तापमान अधिक हो जाता है, लेकिन हवा चलती है। ऐसे में बच्चों के प्रति की जा रही लापरवाही उसे बीमार बना रही है। गांव पुरा निवासी सुरजीत की 1 वर्ष की बेटी नाव्या को शुक्रवार की शाम निमोनिया के चलते रेफर किया गया। वहीं शनिवार को वार्ड में कुल 18 बच्चे भर्ती थे। इनमें से 8 बच्चे निमोनिया, 6 बच्चे दस्त व 4 बच्चे अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।