एटा। टूंडला-बरहन और बरहन-एटा खंड पर बुधवार को गाड़ियों में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। 173 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। जबकि 12 यात्रियों को गंदगी फैलाते व धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया।
प्रयागराज मंडल दिन-प्रतिदिन यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में लगा हुआ है। यात्रियों को बेहतर व स्वच्छ परिवेश देने के लिए स्टेशन परिसर और गाड़ियों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
बुधवार को उप मुख्य यातायात प्रबंधक और सहायक वाणिज्य प्रबंधक टूंडला एके सिन्हा के नेतृत्व में टूंडला-बरहन व बरहन-एटा खंड पर गाड़ियों में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, गाड़ी व स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले और अनबुक्ड लगेज वाले यात्रियों को पकड़कर जुर्माना वसूल किया गया।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक शिकोहाबाद बीएल मीना, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टूंडला मनोज कुमार ने 8 टिकट चेकिंग स्टाफ, 1 रेलवे सुरक्षा बल और 2 राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर जांच की। गाड़ी संख्या 01915 व 01914 और 04937 को चेक किया गया। जांच अभियान में कुल 185 यात्रियों को पकड़ा गया और इन पर 49185 रुपये जुर्माना लगाया गया।
गाड़ियों के दिव्यांग और महिला कोच की विशेष रूप से जांच करते हुए दिव्यांगों और महिलाओं को बैठने के लिए स्थान दिलाया गया। जिससे उन्हें यात्रा करने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। यात्रियों को स्वच्छता रखने और टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक किया गया। ऑनलाइन यूटीएस मोबाइल एप के माध्यम से साधारण टिकट लेने की जानकारी भी दी गई।