अलीगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेला में उपचार लेते मरीज। संवाद
एटा। जिले के 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1574 मरीजों ने विभिन्न बीमारियों का उपचार लिया। त्वचा रोग से पीड़ित सर्वाधिक 280 मरीज पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भदकी, नयागांव और अलीपुर सहित अन्य केंद्रों पर भी मरीजों का उपचार हुआ। मेले में सर्दी, जुकाम, बुखार और त्वचा संबंधी रोगों के मरीजों की संख्या अधिक रही। अलीगंज क्षेत्र में 305 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने स्वच्छता के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जागरूक किया।
चिकित्साधीक्षक डाॅ. शिवकुमार राजपूत ने अलीपुर और नयागांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साफ-सफाई, दवा वितरण और जांच प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।