एटा। मानक के अनुसार पैकिंग के प्रोडेक्ट में फांट साइज कम करने सहित एमआरपी से अधिक मूल्य पर दूध बेचने व कांटों का सत्यापन न कराने को लेकर 19 लोगों पर बांट-मांप विभाग ने कार्रवाई की। अक्तूबर माह में 149500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बांट-मांप निरीक्षक ललित त्रिपाठी ने बताया कि अक्तूबर माह में दुकानों पर कांटे आदि की चेकिंग के अलावा उत्पादों की पैकिंग की पड़ताल की गई। गड़बड़ी की बात सामने आई। नोएडा सहित एक अन्य कंपनी के पैकिंग प्रोडक्ट में घोषणाओं का फांट साइज कम था। दोनों कंपनी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अलीगंज चुंगी पर एक दुकानदार एमआरपी से एक रुपये अधिक में दूध पैकिंग का बेच रहा था। उस पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जलेसर में एक धर्मकांटा पर 5000 रुपये का जुर्माना लगा। बताया ऐसे ही 19 लोगों पर अक्तूबर माह में जुमार्ना लगाने की कार्रवाई की गई। वहीं कासगंज रोड पर संचालित बार रेस्टारेंट में पैग माप का सत्यापन नहीं कराया गया था। इसको लेकर नोटिस दिया गया है। वहीं, जलेसर में एक फिलिंग स्टेशन संचालक विभाग का प्रमाण पत्र नहीं दिखा सका। उसको भी नोटिस दिया। जलेसर के ही कुसैत गनेशपुर में संचालित राशन की दुकान पर घटतौली होती मिली थी। उसे भी नोटिस दिया है।