ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों पर रविवार को उप चुनाव होगा। चुनाव के लिए छह विकास खंडों से 29 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों ने देर सांय तक अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच कर बूथ तैयार किए। पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा कर्मी भी भेजे गए हैं।
पंचायत उपचुनाव में 24 गाम पंचायतों में 95 वार्डों पर वोट डाले जाएंगे। इन वार्डों पर 195 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। 14036 मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव को कासगंज, सोरों, गंजडुडवारा, पटियाली, अमांपुर, सिढ़पुरा विकास क्षेत्र से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। पोलिंग पार्टियों को मतपत्र, मतपेटिका व चुनाव में प्रयोग आने वाली अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। मतदान कर्मियों ने इन सामिग्री का निरीक्षण किया। जिससे मतदान के समय किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। पोलिंग पार्टियों के लिए परिवहन विभाग ने वाहनों को अधिग्रहित कर लिया। वाहनों के साथ पुलिस के जवानों को भी भेजा गया है।
इन ग्राम पंचायतों में होगा चुनाव
ब्लाक कासगंज में जखेरा महेशपुर, कुरामई, तिलसई कला, सलेमपुर पिरोंदा, सोरों में खडिय़ा, श्यामसर, बनूपुरा पुख्ता, गंगागढ़, सिढ़पुरा में खरगातीपुर, देहली बुजुर्ग, मगथरा, चांदपुर मेमड़ा, सिकहरा, सींगपुर, पिलखुनी, समोठी, अमापुर में सिकंद्राबाद, भिड़ौल बुजुर्ग, भड़ेरी, सुजरई, नगला कुंदन, नौगांव, पटियाली में रुस्तमपुर, गंजडुंडवारा में म्यूनी में मतदान होगा।
ग्राम पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को सभी व्यवस्था कर ली गई है। कर्णवीर सक्सेना - प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी