खेलते हुए 14 माह का कैरव पास में बनी सबमर्सिबल की कुंडी में जा गिरा और पानी में डूब गया। परिजन उसे आननफानन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
एटा के रिजोर थाना क्षेत्र के फफोतू गांव में रविवार को सबमर्सिबल की कुंडी में डूबने से 14 माह के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बालक को तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए।
विज्ञापन
फफोतू गांव निवासी लालू प्रसाद खेत में सरसों की बुवाई करने गए थे। उनके साथ परिवार के अन्य लोग भी खेत पर मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अपने पांच वर्षीय बेटे आरव के साथ छोटे बेटे कैरव को खेलने के लिए छोड़ दिया था। खेलते-खेलते 14 माह का कैरव पास में बनी सबमर्सिबल की कुंडी में जा गिरा और पानी में डूब गया।
खेत में सरसों की बुवाई पूरी करने के बाद परिजनों ने कैरव की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव कुंडी में उतराता मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में वे मासूम को लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।