जलेसर। राजकीय महाविद्यालय में संचालित बीएड परीक्षा में मंगलवार को आंतरिक उड़नदस्ते ने 13 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा। कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आरके गोस्वामी ने परीक्षार्थियों को चेतावनी दी कि जरा सी लापरवाही उनका भविष्य खराब कर सकती है।
प्राचार्य ने बताया कि बीएड की परीक्षा में 800 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। मंगलवार को बीएड के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में 13 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। इन परीक्षार्थियों पर विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा में शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षार्थी नकल करके अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें।
बीएड के 94 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
एटा। जनता महाविद्यालय में बीएड के 582 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 94 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया चार दिसंबर से शुरू हुई बीएड की परीक्षा 8 जनवरी 2026 तक तीन पालियों में कराई जा रही हैं। परीक्षाएं विश्वविद्यालय नियमावली के तहत सीसीटीवी कैमरा, आंतरिक सचल दल एवं बाह्य सचल दल की निगरानी में संपन्न हो रही हैं। परीक्षा प्रभारी डॉ. मनोज तोमर, डॉ. सतीश चंद, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. विनोद पाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। संवाद