मुजफ्फरनगर में ककरौली क्षेत्र के जटवाड़ा गांव में कार की टक्कर से हुई साइकिल सवार की मौत के बाद बवाल हो गया। दो समुदाय आमने-सामने आ गए। गुस्साई भीड़ ने कार सवारों को बंधक बना लिया और कार फूंक डाली।
पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानेदार को भीड़ ने दौड़ा लिया। उत्तेजित भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस की तीन घंटे की कोशिश के बाद बंधकों की रिहाई हो पाई।
शाम करीब पांच बजे जटवाड़ा में साइकिल सवार युवक कार से टकरा गया। टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत होने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया।
गुस्साई भीड़ ने फूंकी कार
एक समुदाय के लोगों ने कार में बैठे दो भाइयों से मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया। गुस्साई भीड़ ने तोड़फोड़ के बाद कार में आग लगा दी। बंधकों के पिता को बेहड़ा सादात में घटना की जानकारी मिली, तो वह अपने तीसरे पुत्र के साथ ककरौली एसओ अरुण कुमार त्यागी को लेकर जटवाड़ा पहुंच गए।
वहां पुलिस ने दोनों बंधकों को किसी तरह छुड़ाकर जीप में बैठा लिया, लेकिन गुस्साई भीड़ ने फिर तीनों भाइयों को पुलिस जीप से उतारकर एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया।
बवाल बढ़ने पर दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।
तनावग्रस्त क्षेत्र में फोर्स तैनात
मामला बिगड़ते देख भोपा सीओ अजय कुमार, जानसठ सीओ मुकेश मिश्र और एसडीएम बाबूराम समेत आसपास के थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली भी पहुंच गए। इसके बाद बंधकों को छुड़ाने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्रवाई का आश्वासन देकर तीन घंटे बाद करीब सवा आठ बजे तीनों भाइयों को मुक्त कराया जा सका। तनाव के चलते क्षेत्र में तीन कंपनी पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है। बंधन मुक्त कराए गए युवकों की पिटाई की गई है।
घटना के बाद भाजपा नेता नितिन मलिक कुछ कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी से मिले और कार्रवाई की मांग की। घायलों का जिला अस्पताल में डॉक्टरी मुआयना कराया गया है।