बाइक सवार युवक को बदमाशों ने मारी गोली
देवरिया से घर जाते समय भीमपुर गांव के समीप हुई घटना
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा युवक का इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर से घर जा रहे बाइक सवार युवक को बदमाशों ने भीमपुर गांव के समीप सोमवार की देर शाम गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश शहर की ओर भाग निकले। घायल युवक को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी फरीद अहमद (19) पुत्र निसार अहमद बाइक से सोमवार को देवरिया किसी काम से आया था। काम निपटाने के बाद देर रात को वह घर के लिए निकला। अभी वह देवरिया-कसया मार्ग पर भीमपुर गांव के समीप पहुंचा था कि बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर युवक पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के पैर में लगी और जमीन पर गिर पड़ा। बदमाश फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए । आसपास के लोग गोली की आवाज सुनकर घटना स्थल की ओर दौड़े और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर घर वाले भी अस्पताल पहुंच गए। इस बाबत रामपुर कारखाना एसओ जयंत कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।