रामपुर बुजुर्ग। भवानी छापर-हाता मार्ग पर शनिवार की दोपहर में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया।
पुलिस के अनुसार, बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के सवनहा गांव निवासी रुदल साह का बेटा अमरजीत साह (32) बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहा था।
सामने से आ रही बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमरजीत साह की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार बिहार के सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के बलहु गांव निवासी पप्पू तथा शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजवाया।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भवानी छापर-हाता मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं।