देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर चौराहे पर दो नवंबर को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भीमपुर वार्ड नंबर एक निवासी मनोज यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो नवंबर की दोपहर करीब दो बजे उनके पिता जुगुलकिशोर यादव सामान खरीदने भीमपुर चौराहे पर गए थे। इसी दौरान उनका भाई बाइक से वहां पहुंचा। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद तीन नवंबर को उसे लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शशिभूषण राय ने बताया कि हादसे में घायल युवक की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।