मूक बधिर युवक ने फंदा लगाकर जान दी
सदर कोतवाली के सोनूघाट का रहने वाला था अतीश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली के सोनूघाट के रहने वाले एक मूक बधिर युवक ने शनिवार की रात पेड़ में फंदा लगाकर झूल लटक गया। जानकारी होने पर परिवार और पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की।
सोनूघाट गांव निवासी अनिल कुमार विदेश में रहते हैं। घर पर उनका 20 वर्षीय मूकबधिर बेटा अतीश कुमार दो छोटे भाई, बाबा और सौतेली मां के साथ रहता था। सौतेली मां कुछ दिन पूर्व मायके चली गई। कुछ दिनों से अतीश कुमार की तबीयत खराब चल रही थी। उसे आशंका हो गई थी कि कोरोना हो गया है। हालांकि, परिवार और पड़ोस के रहने वाले लोगों ने उसकी जांच कराई तो सब कुछ निगेटिव आया। उसे खांसी आ रही थी। इसलिए टीबी की भी जांच कराई गई। इस रिपोर्ट में भी कुछ नहीं मिला। बताया जा रहा है कि मूक बधिर अतीश अवसाद में रहने लगा था। शनिवार की रात जब सब लोग सो रहे थे तो वह घर के बाहर पेड़ में रस्सी का फंदा लगाकर लटक गया। रविवार की सुबह जब लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर आवश्यक कार्रवाई की। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारवालों को सौंप दिया गया है।