जिले में पांच और संक्रमित मिले, गांवों को किया गया सील
निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद दो को किया गया है होम क्वारंटीन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लॉकडाउन में लोगों के आगमन के बाद जिले में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। रविवार को पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। सभी को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 15 हो गई है। इसमें दो को इलाज के दौरान रिपोर्ट निगेटिव आने पर होम क्वारंटीन किया गया है। संक्रमितों के संपर्क में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन सेंटर लाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। अफसरों ने गांवों को सील कर सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू करा दिया है।
कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 18 दिनों में 15 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सदर कोतवाली के महुई गांव में ट्रक से पांच लोग 11 मई को आए। संदेह होने पर दो लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी तरह मदनपुर थाना क्षेत्र के यद्दू परसिया गांव निवासी युवक जयपुर से आया, जो जांच में संक्रमित निकला। इसके अलावा मुुंबई से आने वाले भीमपुर गौरा और शहर के उमानगर मोहल्ला निवासी एक-एक लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उमानगर मोहल्ले का कुछ एरिया, अन्य संक्रमितों के गांवों को सील कर दिया गया है। सभी लोग घर पर रहने के बाद जांच कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। इनकी ट्रेवेलिंग हिस्ट्री खंगालने के बाद संपर्क में रहने वालों को क्वारंटीन सेंटर लाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। गांव पहुंचे अफसरों ने लोगों को घरों में रहने के लिए जागरूक किया और सील करा दिया। गांव में पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी जमे हैं और सैनिटाइज कराया जा रहा है। इस बाबत सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि गांवों को सील कर दिया गया है। संक्रमितों के संपर्क में रहने वालों को क्वारंटीन किया जा रहा है। सभी की सैपलिंग कराई जाएगी।
इनसेट
खुद की लापरवाही से संक्रमित हो सकते हैं सफाई कर्मी
देवरिया। गांवों में सैनिटाइज के लिए सफाईकर्मियों को पीपीई किट मिले हैं। इसे पहनने के बाद थोड़ी भी शरीर का हिस्सा नहीं दिखना चाहिए। लेकिन सैनिटाइज करने के दौरान सफाईकर्मियों का पैर और हाथ खुला रह रहा है। इससे संक्रमित होने का खतरा बना है। ऐसी शिकायत के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने सफाईकर्मियों को हिदायत दी है।
इनसेट
62 कोरोना संदिग्धों के लिए गए सैंपल
देवरिया। बुखार डेस्क पर आए 300 से अधिक लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। कोरोना संदिग्ध 62 लोगों के सैंपल जांच के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए। अभी तक 700 से अधिक कोरोना संदिग्धों की जांच हो चुकी हैं। पॉजिटिव आने वालों में एक को छोड़ सभी मुंबई से आने वाले हैं।
इनसेट
भोर से ही दौड़ते रहे स्वास्थ्यकर्मी
देवरिया। शनिवार को देर रात तक छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। रविवार को भोर में दो कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया। आनन-फानन दोनों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। कुछ देर बाद तीन और रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उधर, रनिहवा गांव में क्वारंटीन किए गए संदिग्ध तीन लोग अपने घर चले गए थे। इसको लेकर गांव में हड़कंप मच गया था। सूचना पर एसीएमओ डॉ. संजय चंद और स्थानीय स्वास्थ्य कर्मी पहुंचे। बावजूद लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे थे। पुलिस के पहुंचने के बाद तीनों लोग घरों से निकले। इनको क्वारंटीन कराया गया है।
कोरोना पॉजिटिव के चचेरे भाई को पुलिस ने लिया हिरासत में
रामपुर कारखाना/देसही देवरिया। आशा कार्यकर्ता से विवाद में कोरोना पॉजिटिव के चचेरे भाई को थाने पर लेकर आने वाले पुलिसकर्मी दहशत में हैं। आनन-फानन युवक को आइसोलेशन वार्ड में एंबुलेंस से भेजा गया। वहीं, थानेदार समेत आठ सिपाहियों को क्वारंटीन करने की तैयारी चल रही है। वहीं, थाने को सैनिटाइज कराया जा रहा है।
पिपरा नायक गांव निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इसके संपर्क में इसका चचेरा भाई भी है। रविवार की शाम करीब चार बजे स्वास्थ्य टीम पॉजिटिव युवक के घर थर्मल स्क्रीनिंग के लिए गई थी। इस दौरान पॉजिटिव युवक का चचेरा भाई आशा कार्यकर्ता से उलझ गया। नाराज आशा कार्यकर्ता एकजुट हो गईं और युवक पर कार्रवाई की मांग करने लगी। कुछ देर बाद महुआडीह पुलिस चौकी से पहुंचे पुलिसकर्मी युवक को हिरासत में लेकर थाने आए। शांतिभंग में चालान करने की तैयारी करने लगे। इस दौरान कंट्रोल रूम से फोन थानेदार के पास आया कि हिरासत में लिया गया युवक कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में रहा है। इससे थाने में अफरा-तफरी मच गई। युवक से बात करने वाले पुलिसकर्मियों की सूची तैनात कर होम क्वारंटीन करने की तैयारी चल रही है। एसओ जयंत सिंह ने बताया कि एसओ समेत आठ पुलिसकर्मी होम क्वारंटीन होंगे। थाने को सैनिटाइज कराया जा रहा है।
मुंबई से घर पहुंचे मजदूर को सांस लेने में दिक्कत
भटनी। मुंबई से घर पहुंचे एक मजदूर की तबीयत खराब हो गई है। उसे सांस लेने में दिक्कत होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक साहोपार डीह गांव का रहने वाला है। रविवार भोर में ट्रक से घर पहुंचा था।
प्रवासी मजदूरों के घर लौटने पर अचानक से जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसे लेकर लोगों में भय व्याप्त है। हालांकि, प्रशासन लोगों से धैर्य बनाए रखने व सावधानी बरतने की लगातार अपील कर रही है। भटनी के साहोपार गॉव में रविवार सुबह एक मरीज मुंबई से घर आया। घर वाले उसे एक कमरे में क्वारंटीन कर दिए। कुछ देर बाद अचानक उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि युवक मुंबई से आया था। कोरोना लक्षण मिलने पर जिला अस्पताल भेजा गया है।