ट्रक की चपेट से युवक की मौत, एक घायल
रामलक्षन (देवरिया)। रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर मंगलवार की रात में भृगुसरी चौराहे पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार में युवक की मौत हो गई। बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बरात में शामिल होने जा रहे थे।
गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बरही गांव के पासी टोला निवासी विनोद पासवान (32) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार की सुबह वह अपने गांव के रहने वाले मित्र कमलेश (36) के साथ गौरीबाजार के कालावन गांव में अपनी बहन के घर गए थे।
वहां से बरात में शामिल होने के लिए बाइक से निकले। बाइक विनोद चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह हेलमेट नहीं लगाए थे। भृगुसरी गांव के निकट बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। कमलेश की हालत गंभीर बनी है। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।