पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के कोइलगढ़हा गांव के मालटोलिया निवासी प्रदीप गोंड (26) की शनिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक के पिता सुदामा गोंड का पहले ही निधन हो चुका है।
प्रदीप मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रात करीब 9:45 बजे वह कोइलगढ़हा चौराहे से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन चालक उसे रौंदते हुए भाग गया।
घायल प्रदीप को लोग मेडिकल कॉलेज ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां गिरिजा देवी, बहन पूजा, भाई सुनील, अनिल और राहुल बिलख रहे थे।
एसओ सुरौली अवनीश मौर्या ने बताया कि युवक की मौत मार्ग दुर्घटना में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।