शोहरतगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के शोहरतगढ़-बढ़नी मार्ग पर मड़वा तिराहे के पास बुधवार को रोडवेज बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी पहचान धर्मेंद्र निषाद (20) पुत्र बनारसी निषाद, निवासी बारी टोला तिवई, थाना सुरवली, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र मानसिक रूप से परेशान था और पिछले कुछ समय से शोहरतगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले उसने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ के पास लगे ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ने का प्रयास किया था। वहां मौजूद लोगों ने उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया था।
इसके बाद युवक मड़वा तिराहे की ओर चला गया, जहां वह रोडवेज बस की चपेट में आ गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।