हादसे में युवक की मौत, दो महिलाएं गंभीर
देसही देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कुरना नाला के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर बैठीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां गंभीर हालत देख महिलाओं को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
महुआडीह थानाक्षेत्र के भुजौली गांव राहुल शर्मा बुधवार सुबह अपनी भाभी अनिता देवी और गांव की ही गीता देवी को बाइक से लेकर जिले पर किसी काम से जा रहे थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा गांव के पास कुरना नाला पर उनकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। राहुल बाइक से अपना नियंत्रण खो बैठे। बाइक सामने से आ रहे दूसरे चारपहिया वाहन से जा टकराई। बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। राहुल की मौत से पिता द्वारिका शर्मा, माता शुभावती देवी, पत्नी नेहा, बेटी नायरा व बड़े भाई अभय का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी लोग सदमे में हैं।
सड़क पर दो घंटे तक तड़पते रहे घायल
सड़क हादसे में घायल राहुल शर्मा, भाभी अनिता देवी व गीता देवी दो घंटे तक बीच सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया। पुलिस भी देर से दुर्घटनास्थल पर पहुंची। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। लोगों का कहना था कि अगर समय से राहुल को इलाज मिल गया होता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।