रामनाथ देवरिया स्थित काला गेट के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के रामनाथ देवरिया स्थित काला गेट के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वह अपने पत्नी के लिए खाना लाने जा रहा था। उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग निवासी मुकेश चौहान पुत्र हृदयानन्द चौहान ने पत्नी अंजली को प्रसव पीड़ा होने के बाद शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सक अंजलि को भर्ती कर इलाज़ कर रहे थे।
बुधवार की रात साढ़े दस बजे मुकेश पत्नी के लिए खाना लाने बाइक से जा रहे थे। अभी वह शहर के रामनाथ देवरिया स्थित काला गेट के समीप पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके मोबाइल के जरिए इसकी जानकारी परिजनों को दी।
मौत की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल था। उनकी दो बेटियां हैं।