संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। करमाजीतपुर गांव निवासी एक युवक की कोरोना संक्रमण से विदेश में मौत हो गई। यह जानकारी सोमवार सुबह पत्नी के मोबाइल पर कंपनी के मैनेजर ने दी। सूचना देते ही परिवार में कोहराम मच गया।
करमाजीतपुर निवासी युवक के घर की माली हालत ठीक नहीं थी। 10 मार्च को वह सगे-संबंधियों से कर्ज लेकर रोजी के चक्कर में बहरीन कमाने गया था। वहां पहुंचने के कुछ ही दिन बाद कोरोना महामारी फैलने लगी। जिससे काम बंद हो गया। वह घर पर फोन कर बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक होते ही वह घर पैसा भेजेगा। सोमवार की सुबह उसकी पत्नी के मोबाइल पर बहरीन से एक काल आया। फोन करने वाले ने बोला कि मैं बहरीन से वोल्टास कंपनी का मैनेजर बोल रहा हूं। आपके पति कोरोना से संक्रमित थे। सोमवार की ही सुबह छह बजे उसकी मौत हो गई। इसके दस दिन पूर्व युवक गांव के ही अपने करीबी दोस्त से मोबाइल पर कॉल कर बताया था कि हमें कोरोना हो गया है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। मैं जल्द ही ठीक हो जाऊंगा। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।