नोनापार के छपरा में चिकन पॉक्स से युवक की मौत हो गई। इसके बाद गांव में पहुंची डॉक्टरों की टीम ने चार और लोगों को इससे पीड़ित पाया। इन्हें दवाइयां दी गईं। युवक की मौत के बाद गांव वालों में बीमारी को लेकर भय बना हुआ है।
नोनापार गांव के छपरा टोला निवासी (27) शशिकांत तिवारी सोमवार से चिकन पॉक्स से पीड़ित थे। परेशानी बढ़ने पर घरवालों ने उनका इलाज एक निजी चिकित्सक से कराया। शुक्रवार की सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
आनन-फानन घर वाले पीएचसी पर ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम गांव में पहुंची। जांच में गांव की सबिता (18) और मनीष (14) भी चिकन पॉक्स से पीड़ित मिले।
डॉक्टरों ने बीमार लोगों मेें दवाएं वितरित की और सफाई के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा पड़ोस के गांव चंदौली में सत्येन्द्र (42) और पूजा (22) को भी चिकन पॉक्स हुआ है। यहां भी डॉक्टरों की टीम पहुंची थी। युवक की मौत होने के बाद बीमार पड़े लोगों के घर वालों में भय है।