सरांव खुर्द में छठ घाट पर युवक को पीटा, गंभीर
एकौना (देवरिया)। गांवों में चल रही चुनावी रंजिश अब हिंसा में तब्दील होने लगी है। सरांव खुर्द गांव में शुक्रवार की शाम छठ घाट पर ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत करने वाले एक युवक को प्रधान पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आने से जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में ग्राम प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमले और मारपीट का केस दर्ज किया है।
पंचायत चुनाव को लेकर बढ़ रही सरगर्मी से हर गांव में गोलबंदी शुरू हो गई है। दोआबा क्षेत्र के सरांव का तापमान कुछ अधिक लग रहा है। सरांव बुजुर्ग गांव में एक सप्ताह पहले मारपीट और फायरिंग की घटना के बाद बैदा गांव में भी दो समुदाय के लोगों के बीच चुनावी रंजिश में मारपीट हुई। शुक्रवार की शाम सरांव खुर्द गांव के रहने वाले आशीष मिश्र से छठ घाट पर मारपीट की गई। आरोप है कि ग्राम प्रधान के घर से युवक के परिवार का चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। युवक के चाचा ने गांव के विकास कार्यों में धांधली की शिकायत की है। उनके शिकायत पर जांच चल रही है। पुलिस के अनुसार घाट पर युवक सफाई व्यवस्था को लेकर प्रधान के खिलाफ बयानबाजी कर रहा था। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। युवक की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान हृदयनारायण शुक्ल, नीरज शुक्ल, दिनेश और सतीनंदन के खिलाफ प्राण घातक हमला और मारपीट का केस दर्ज की है। थानाध्यक्ष रामगिरीश चौहान ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।