पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को पुलिस ने तमंचा के साथ गिरफ्तार किया है। उस पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
चर्चा है कि जन्मदिन पार्टी मनाने के दौरान अवैध असलहा लहराने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात एएसपी (दक्षिणी) और क्षेत्राधिकारी बरहज के नेतृत्व में सुरौली थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रही थी।
मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ बाइक से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नकटा पुल से पहले स्थित तीनमुहानी के पास घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ।