युवा मतदाताओं को लुभा रहे प्रत्याशी
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। युवा वोटर नगर निकाय चुनाव का रुख किसी भी तरफ मोड़ने में सक्षम नजर आ रहा है। आज के युवा मतदाताओं पर सभी दलों के प्रत्याशी डोरे डालने में लग गए हैं। चुनावी माहौल बनाने के लिए कुछ प्रत्याशियों की ओर से बेरोजगारी से जूझ रहे युवा वोटरों को कई लुभावने वादे किए जा रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी से परे हटकर वोटरों को विकास का लुभावना दिया जा रहा है। मगर इन सब के बीच युवा विकास की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि चुनावी हवा का रुख बदलने में वह सक्षम हैं। इस बार वह उसी को मतदान करेंगे, जो विकास के लिए सजग हो और जनता की समस्याओं का समाधान करे।
.....
- कहते हैं युवा मतदाता
...
शहर की हर समस्या को जो दूर करा सके। सड़कें, बिजली, पानी की समुचित व्यवस्था पर ध्यान दें। ऐसे व्यक्ति के हाथ में शहर की सरकार देने का फैसला लूंगी। मतदान करने के लिए लोगों को भी जागरूक करेंगी। नगर की सरकार चलाने वाला व्यक्ति जनता के प्रति समर्पित रहने वाला होना चाहिए।
प्रीति गुप्ता, वार्ड नंबर 9 संस्कृत पाठशाला रोड सलेमपुर
.....
अपने नागरिक अधिकारों को जानने और अपनी राय मतदान के जरिये जाहिर करने के लिए उत्साहित है। अच्छी छवि व ईमानदार प्रत्याशी के प्रति युवाओं को अपने मतदान का अवश्य इस्तेमाल करना सकारात्मक कदम है। अपने शहर को खूबसूरत बनाने के लिए जो प्रत्याशी अच्छी समझ रखता हो उसी को मतदान करेंगे।
आशीष तिवारी, वार्ड नंबर 5 हरैया सलेमपुर
...
आदर्श नगर पंचायत सलेमपुर में विकास अभी कोसों दूर है। इसलिए शहर को स्वच्छ रखने की जरूरत है, तभी लोग स्वस्थ रहेंगे। हम मतदान कर ऐसी सरकार चुनेंगे, जो शहर के विकास के साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य और लोगों को बुनियादी सुविधा मुहैया कराने में आगे हो। हमें ऐसा जनप्रतिनिधि का चुनाव करना है जो जनता के साथ खड़ा हो।
उदय प्रताप सिंह, वार्ड नंबर 7 लोहिया नगर सलेमपुर
......
अभी विकास की काफी जरूरत है। नगर में सड़कें, शिक्षा, पेयजल व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। मैं उसे मतदान करुंगा, जो शहर का चहुंमुखी विकास करने के योग्य होगा और विकास को बढ़ावा देने की दिशा में काम करेगा। हम उसे ही चुनेंगे जो सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को दिलवाने के लिए आगे रहे।
रंजीत गुप्ता, वार्ड नंबर 9 तहसील सलेमपुर
......