बघौचघाट। कानपुर में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पप्पू पासवान को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उस पर शादी का झांसा देकर याैन शोषण करने और बाद में गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, विशुनपुरा बाजार निवासी नाजिया खातून ने 24 अक्तूबर को चकेरी थाने में अपनी बहन काजल की हत्या के संबंध में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि पप्पू पासवान ने शादी का झांसा देकर काजल का शारीरिक शोषण किया। शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर 21 और 22 अक्तूबर की दरम्यानी रात उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 103(1) के तहत कार्रवाई शुरू की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 25 अक्तूबर की सुबह करीब 8:10 बजे सनिगवां चौकी क्षेत्र के गोकुल ग्राउंड (डी-ब्लॉक) के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था।