- गोपालगंज के विजयीपुर का निवासी बताया जाता है युवक
- दो दिन से था लापता, गांव के बाहर मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। जिले की सीमा से सटे बिहार के गोपालगंज जनपद के विजयीपुर थाना क्षेत्र के भुजौली कला गांव में दो दिन से लापता युवक का शव खेत में मिला। उसकी गला रेत का हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के भुजौली कला गांव के देवा कुमार (22) पुत्र कमला राम शुक्रवार की रात से घर से गायब था। घर वालों की तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। रविवार की सुबह देवा की बहन कुमकुम देवी ने गांव के बाहर पुल के पास खेत में शव को देखा, जो उसके भाई का था। शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। फिर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विजयीपुर एसओ मनीष कुमार ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। इधर युवक की हत्या के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।