रुद्रपुर। नगर के दुग्धेश्वर नाथ वार्ड निवासी एक युवक की दुबई में रहस्यमय हालात में मौत हो गई। रविवार को मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मां दहाड़े मारकर रोने लगी, जबकि पिता और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। दुग्धेश्वर नाथ वार्ड निवासी अनिल पटेल का बड़ा बेटा अमित पटेल उर्फ विक्की (29) दो भाइयों में बड़ा था।
करीब चार माह पहले वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए दुबई गया था। वहां एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी करने के साथ पेंट और पॉलिश का काम करता था।
बताया जा रहा है कि रविवार को परिजन को अमित के मौत की सूचना मिली। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजन दुबई में मौजूद लोगों और संबंधित कंपनी से घटना की जानकारी लेने में जुटे हैं। अमित के पिता अनिल पटेल चाय की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बेटे के बेहतर भविष्य की उम्मीद में उन्होंने पाई-पाई जोड़कर उसे विदेश भेजा था।