गौरी बाजार। थाना क्षेत्र में दो जगहों पर रविवार को हुई मार्ग दुर्घटना में ट्रक की टक्कर से भतीजे की मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरे हादसे में दो लोग घायल हो गया पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। चालक मौके से भाग गया।
गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र के देउरवीर गांव निवासी घनश्याम (40) भतीजे देव प्रजापति (14) के साथ बाइक के घर गौरी बाजार क्षेत्र के नारायनपुर तिवारी जा रहे थे। गौरी बाजार ओवरब्रिज के पास सुबह करीब 10 बजे पीछे से ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे देव प्रजापति ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि घनश्याम घायल हो गए। उन्हें सीएचसी गौरी बाजार ले जाया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर गौरी बाजार के रामपुर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने ड्रम रखकर रास्ते को आने-जाने के लिए दो भागों में बांट दिया है। कुशीनगर जनपद के हाटा निवासी उस्मान (26) हाटा से बाइक से गौरी बाजार आए थे।
पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। इसी बीच दूसरी तरफ से आ रहे ग्राम कालाबन निवासी आकाश यादव (22) बाइक से आ रहे थे।
दोनों की टक्कर हो गई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, जहां स्थिति गंभीर देख मेडिकल कालेॅज देवरिया रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है। चालक की तलाश की जा रही है।