तरकुलवा। थाना क्षेत्र के पथरदेवा कस्बे में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस परिवार वालों को हादसे की जानकारी देने के बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पथरदेवा कस्बे में डॉ. बेनू गुप्ता के मकान का निर्माण चल रहा है। निर्माण की जिम्मेदारी एक ठेकेदार के पास है। इसमें बिहार प्रांत के पश्चिम चंपारण जिले के बाल्मीकि थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसा लोटन निवासी रंजित चौधरी (28) मजदूरी का करता था। दोपहर करीब 3:30 बजे निर्माणाधीन मकान के पिलर की छड़ में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आकर रंजित गंभीर रूप से झुलस गया।
आसपास के लोग उसे सीएचसी पथरदेवा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मजदूर के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने पर विधिक कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।