देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में शनिवार को पेड़ की डाल काटने के दौरान 40 वर्षीय मजदूर ऊंचाई से गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास के लोग उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मिश्रौलिया गांव निवासी राजकुमार चौहान मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार की सुबह वह गांव के संजय सिंह के पेड़ की डाल काटने पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे पेड़ पर चढ़कर डाल काट रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े।
राजकुमार की मौत की सूचना घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत का सदमा लगने से उनकी मां रोते-रोते बेहोश हो गईं। पत्नी बुद्धि देवी और दोनों पुत्र विपिन व राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, राजकुमार की मजदूरी से ही परिवार का खर्च चलता था। इंस्पेक्टर शशि भूषण राय ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है, इसलिए पोस्टमार्टम कराया गया है। संवाद