संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार/देवरिया। गौरीबाजार क्षेत्र के ग्राम कालाबन में रविवार की शाम पार्किंग के विवाद में दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। विवाद के दौरान विजय यादव की मां कुसुम देवी (55) की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
परिवार वाले रात करीब 9:30 बजे उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वाले सुरक्षाकर्मियों से उलझ गए।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद एसपी विक्रांत वीर ने मेडिकल कॉलेज पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के पहुंचने पर परिवार वाले रात करीब 10:30 बजे शव लेकर गांव चले गए। एसपी भी बाद में गांव पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है। एसपी के निरीक्षण के दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। उन्होंने बताया कि वादी विजय यादव ने तहरीर दी है कि पार्किंग विवाद के दौरान तनाव बढ़ने से उनकी मां की तबीयत खराब हो गई थी।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। तहरीर व जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में केस भी दर्ज कर लिया है।
इस संबंध मे एसओ गौरी बाजार नंदा प्रसाद एवं सीओ रुद्रपुर हरिराम यादव के हमराहियों ने सीयूजी नंबर रिसीव किया एवं घटना के संबंध में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
उधर देर रात मेडिकल कॉलेज में भारी संख्या मेंं पुलिसकर्मियों के पहुंचने से अफरातफरी का माहौल हो गया। एसपी ने सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि महिला के साथ आए परिजन बेवजह उलझ गए थे।