लाहिलपार मे दुर्घटना के बाद मृतक के दरवाज़े पर जुटी भीड़
बरियारपुर। थाना क्षेत्र के लाहिलपार में रविवार की भोर में करीब तीन बजे बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे चाय की दुकान में घुस गई। दुकान में सो रही चंद्रावती देवी (55) चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के समय चंद्रावती के पति राम बचन चौहान शौच के लिए बाहर गए थे। ग्रामीणों ने वाहन सवार दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीन भाग गए। पुलिस ने वाहन स्वामी पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोर में करीब तीन बजे महुआपाटन की ओर से आ रही स्कॉर्पियो का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी दुकान में जा घुसी। चंद्रावती के बेटे शत्रुघ्न और अर्जुन लाहिलपार में चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। मां की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची बरियारपुर पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर पकड़े गए दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
स्कॉर्पियो बिहार के विजयीपुर थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि वाहन स्वामी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।